मेरठ। वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण और गुरु सानिध्य के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के गणमान्य नागरिकों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान जैन मंदिर रेलवे रोड तथा मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि श्री असीम अरुण जी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए मंत्री जी का अभिनंदन किया और उनके कार्यों के प्रति समाज की भावनाएं व्यक्त कीं।
समारोह का प्रमुख आकर्षण परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का मंगल आगमन रहा। जैसे ही पूज्य गुरुदेव मंच पर पधारे, पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आचार्य श्री का स्वागत किया। इसके उपरांत पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित किया गया तथा आरती उतारी गई।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने तथा समाज सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने अमृत वचनों के माध्यम से सन्मार्ग, धर्म और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। उनके संदेश ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मूल्यों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक किया।
इसी अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से शॉल, स्मृति चिन्ह तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जैन समाज की ओर से मंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना भी की गई।
सम्मान के बाद अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्री श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज की जीवनशैली और सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”
उन्होंने आगे जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना तथा अनुशासित जीवनशैली को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”
श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज द्वारा अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवनशैली की भी सराहना की। समारोह में धर्म, सेवा, अहिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषय प्रमुख रूप से सामने आए।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन सहित समिति के समस्त पदाधिकारी और जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण और आचार्य श्री के मंगल आशीर्वाद के बीच समारोह श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न हुआ।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ


